वडोदरा (भाषा), शनिवार, 28 मार्च 2009
जनरल मोटर्स ने जैव ईंधन का उत्पादन करने के लिए भावनगर स्थित सेंट्रल साल्ट एंड मेरीन केमिकल्स रिसर्च इंस्टीट्यूट के साथ समझौता किया है।
जनरल मोटर्स इंडिया के उपाध्यक्ष (निगमित मामले) पी बालेंद्रन ने कहा कि इस प्रस्ताव के अंतर्गत सीएसएमसीआरआई दो साल तक जेत्रोफा तेल पर अनुसंधान तथा इसका उत्पादन करेगी। कंपनी के वाहनों पर जेत्रोफा तेल का इस्तेमाल जैव ईंधन के रूप में किया जाएगा।
बालेंद्रन ने कहा कि इस समझौते के अंतर्गत सीएसएमसीआरआई संस्थान के महाराष्ट्र स्थित तालेगांव में दो एकड़ जमीन का जेत्रोफा खेती के लिए उपयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि जीएम ने बायोडीजल से वाहन चलाने के परीक्षण के लिए जेत्रोफा से बनाए गए बायो ईंधन एवं सामान्य डीजल के विभिन्न अनुपात के मिश्रणों का इस्तेमाल शुरू किया है। यह परीक्षण छह कारों पर चल रहा है।
जैव ईंधन से चलने वाली कार देश के कच्चे तेल की आयात निर्भरता को कम करने के अलावा गैरसिंचित क्षेत्रों में रोजगार एवं आर्थिक फायदे भी पहुँचाएगी।
लोड हो रहा है...