मुंबई, शनिवार, 28 मार्च 2009
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व क्षमताओं का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा है कि मोदी एक स्वयंभू नेता हैं और भाजपा को उनकी जरूरत है।
शिवसेना के मुखपत्र सामना के संपादक ठाकरे ने अपने संपादकीय लेख में कहा कि भाजपा को मोदी की जरूरत है। मेरी सहयोगी पार्टी (भाजपा) को मेरा यह बयान पसंद नहीं आएगा लेकिन सच कहना मेरी फितरत है।
मोदी को सरदार मोदी की संज्ञा देते हुए शिवसेना के वरिष्ठ नेता ने कहा कि मोदी स्वयंभू नेता हैं और उनमें वह सब कुछ हासिल करने की ताकत है जो वे हासिल करना चाहते हैं और इसके लिए वे भाजपा आलाकमान पर दबाव बनाने का माद्दा भी रखते हैं।
शिवसेना प्रमुख ने अपने लेख में देश की सत्ता हासिल करने के लिए उत्तरप्रदेश और बिहार में यादवों के एक मंच पर आने का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक के नेताओं को भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने के उद्देश्य से एक हो जाना चाहिए।
ठाकरे ने भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन की ऊर्जा और नेतृत्व क्षमताओं पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि प्रमोद ने लाख गलतियाँ की होंगी लेकिन उनकी ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता उन गलतियों पर पर्दा डालने के लिए पर्याप्त है।
शिवसेना प्रमुख ने अपने पुराने मित्र राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के बारे में चुटकी लेते हुए कहा कि पवार भी दिल्ली में हैं लेकिन उनकी पत्नी भी पूरे विश्वास से यह नहीं बता सकतीं कि वे क्या कर रहे हैं।
ठाकरे का कहना है यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने राकांपा से एक लिखित आश्वासन ले लिया है कि उसके साथ गठबंधन तभी संभव है यदि राकांपा प्रधानमंत्री पद के लिए मनमोहन सिंह के नाम का समर्थन करे।
ठाकरे ने कहा कि दिल्ली की राजनीति में महाराष्ट्र तब तक पायदान पर बना रहेगा जब तक कि वह मुसलमानों की धार्मिक कट्टरता और दक्षिण भारतीयों एवं उत्तर में यादवों की सांप्रदायिकता को आत्मसात नहीं कर लेता।
लोड हो रहा है...