नई दिल्ली, शनिवार, 28 मार्च 2009
पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार वरुण गाँधी की सरेंडर की अपील मंजूर करने के बाद जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पीलीभीत अदालत ने मामले की सुनवाई सोमवार तक के लिए टाल दी है। उन्हें सोमवार तक न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
जेल के बाहर फायरिंग : वरुण को जिला जेल ले जाते समय उग्र वरुण समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव भी किया। जवाब में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया। स्थिति नियंत्रण के बाहर होने पर पुलिस को हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा।
सरेंडर की अपील मंजूर: द्वेष फैलाने वाले भाषण मामले में अपनी जमानत याचिका दिल्ली उच्च न्यायालय से वापस लेने के एक दिन बाद भारी राजनीतिक ड्रामे के बीच भाजपा नेता वरुण गाँधी की सरेंडर की अपील को पीलीभीत की अदालत ने मंजूर कर लिया है।
कदम पीछे नहीं हटाऊँगा : वरुण गाँधी ने पीलीभीत में उनके खिलाफ साजिश रचे जाने की बात कहते हुए कहा कि वे अपने कदम पीछे नहीं लेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा : भाजपा और भगवा दलों के कार्यकर्ता आज वरुण गाँधी के पहुँचने से पहले ही पीलीभीत में डेरा डाल चुके थे। दिल्ली से भाजपा कार्यकर्ताओं की रवानगी के साथ ही भगवा दलों के अनेक कार्यकर्ता वरुण के समर्थन में नारे लगाते हुए बसों और ट्रैक्टरों में यहाँ पहुँचे।
पुलिस-कार्यकर्ताओं में भिड़ंत : कथित भड़काऊ भाषण के बारे में दर्ज एक मामले में अदालत में गिरफ्तारी देने के लिए वरुण गाँधी के पीलीभीत पहुँचने से पहले भाजपा और भगवा दलों के कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। जय श्रीराम के नारे लगा रहे वरुण के समर्थकों ने सड़कों पर अवरोध लगाने की कोशिश की ताकि पुलिस को आने से रोका जा सके, जिसके कारण दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ।
निषेधाज्ञा लागू : जैसे ही वरुण ने पीलीभीत की ओर अपनी यात्रा की शुरुआत की कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। बड़ी संख्या में कस्बे में तैनात सुरक्षाकर्मी लाउडस्पीकरों पर घोषणा कर रहे हैं कि धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गई है।
पार्टी की नजर : बहरहाल पार्टी नेतृत्व ने उत्तरप्रदेश के चुनाव प्रभारी कलराज मिश्र को घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए पीलीभीत रवाना कर दिया है। वरुण का खेमा इस घटनाक्रम से राजनीतिक लाभ मिलने के प्रति आशान्वित है, वहीं पार्टी नेतृत्व इस विचार से सहमत नहीं है। गौरतलब है कि पीलीभीत संसदीय सीट से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने की तैयारी में लगे वरुण गाँधी उत्तरप्रदेश के इस क्षेत्र में कथित संप्रदाय विरोधी भाषण के कारण सुर्खियों में आ गए थे।
इस सीट का प्रतिनिधित्व वरुण की माँ मेनका गाँधी करती रही हैं। वरुण के भाषण की सीडी में मुस्लिम विरोधी बातें होने के कारण चुनाव अधिकारियों ने पीलीभीत में वरुण के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। दिल्ली उच्च न्यायालय से वरुण को अग्रिम जमानत मिल गई थी, जिसकी अवधि शुक्रवार को समाप्त हो गई।
लोड हो रहा है...