नई दिल्ली, शुक्रवार, 27 मार्च 2009
भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को दावा किया कि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और महासचिव अरुण जेटली के बीच मन मुटाव समाप्त हो गया है।
सुषमा ने कहा जहाँ तक मेरी जानकारी है इसका समाधान हो गया है। जिस मामले का पहले ही समाधान हो चुका हो उस पर टिप्पणी करना उसे फिर से हवा देना होगा।
एनडीटीवी से बातचीत में उनसे सुधांशु मित्तल की नियुक्ति पर राजनाथ और जेटली के बीच मतभेद के बारे में पूछा गया था।
उन्होंने इस मामले को तूल देने का मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कुछ विवाद मीडिया द्वारा बेवजह पैदा किए जाते हैं। यह सच है कि उन्होंने (जेटली ने) किसी विषय पर कुछ रुख अपनाया था। लेकिन उसका समाधान हो चुका है।
पार्टी के दूसरी पंक्ति के नेताओं के बीच मतभेद की बात से इनकार करते हुए सुषमा ने कहा अगर ऐसा है तो मीडिया मुझे किस खेमे में मानता है। राजनाथ या आडवाणी के खेमे में। यह सब गलत है।
वरुण गाँधी के कथित भड़काऊ भाषणों के बारे में उन्होंने कहा यह सच है कि उन्होंने कुछ बयान दिए हैं। पार्टी ने पहले ही उनके उन विचारों से अपनी असहमति जता दी है और मैं भी जताती हूँ।
साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने कहा है कि उनके भाषणों की सीडी के साथ छेड़ छाड़ की गई है। अगर ऐसा हुआ है तो यह वरुण के साथ अन्याय है।
लोड हो रहा है...