नई दिल्ली, शुक्रवार, 27 मार्च 2009
आतंकवाद से लड़ने के लिए कानून में किए गए संशोधनों से असंतोष जताते हुए भाजपा ने कहा है कि यदि वह सत्ता में आई तो पोटा की तर्ज पर कड़ा कानून बनाएगी और आतंकवाद पर काबू पाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करेगी।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि कानूनों के साथ ही आतंकवाद से लड़ने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति की जरूरत है और केवल लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व वाली सरकार ही ऐसा कर सकती है।
सिंह ने एक साक्षात्कार में कहा कि आतंकवाद से निपटने में यूपीए सरकार ने नरम रवैया अपनाया तथा गैर कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम (यूएपीए)में किए गए संशोधन आतंकवाद से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
यूएपीए के संबंध में उन्होंने कहा यह नरम और अपर्याप्त कानून है जिसमें मुंबई हमलों के बाद संशोधन किया गया।
अपने दृष्टिकोण को सही ठहराने के लिए भाजपा प्रमुख ने कहा कि संशोधित कानून पर्याप्त नहीं होने के कारण अजमल अमीर कसाब को मकोका के तहत गिरफ्तार करना पड़ा जो मुंबई हमलों के संबंध में गिरफ्तार किया गया एकमात्र आतंकवादी है।
यह पूछे जाने पर कि सत्ता में आने पर भाजपा किस प्रकार आतंकवाद से निपटेगी राजनाथ सिंह ने कहा कि वह एक कड़ा कानून बनाएगी तथा आतंकवाद पर काबू पाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कानून कड़ा होगा। यह पोटा की तर्ज पर या उससे भी कड़ा हो सकता है। उन्होंने साथ ही कहा कि यह समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि आतंकवाद से लड़ने के लिए सरकार के पास मजबूत इच्छाशक्ति का अभाव है तो कड़े कानून से कोई फायदा नहीं होगा। भाजपा प्रमुख ने कहा केवल आडवाणी जी (राजग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार) ही मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार दे सकते हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस बयान की ओर उनका ध्यान दिलाए जाने पर कि संसद पर हमले समेत कई आतंकवादी हमले आडवाणी के गृह मंत्री रहते हुए ही हुए राजनाथ सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि आतंकवाद कांग्रेस की सरकार के समय में शुरू हुआ।
उन्होंने जोर देकर कहा कि राजग सरकार ने आतंकवाद को समाप्त करने के लिए कदम उठाए। उन्होंने कहा मैं इस बात से इनकार नहीं करता कि आतंकवादी हमले राजग शासन में हुए लेकिन हमने मजबूत इच्छाशक्ति के साथ समस्या का सामना किया। हमने पोटा जैसा कड़ा कानून लागू किया।
सिंह ने कहा हमने आतंकवाद को एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया और उसी के अनुसार उससे निपटे। यूपीए सरकार के पास आतंकवाद से लड़ने के लिए इच्छाशक्ति के अभाव का दावा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए ने पोटा कानून को निरस्त किया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद कांग्रेस शासनकाल में पैदा हुआ और फैला। उन्होंने आतंकवाद से निपटने के मामले में कांग्रेस द्वारा तुष्टीकरण में शामिल होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि दूसरी ओर भाजपा इस मामले में कोई भेद नहीं करती।
लोड हो रहा है...