मुंबई (भाषा), शुक्रवार, 27 मार्च 2009
शिवसेना के प्रमुख बाल ठाकरे ने दावा किया कि हिन्दुओं को दरकिनार करने के लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने समुदाय के लोगों से लोकसभा चुनावों के बाद दिल्ली के लाल किले पर केसरिया ध्वज लहराने के लिए अपनी एकजुटता दिखाने की अपील की।
शिवसेना के मुख पत्र सामना में ठाकरे के हवाले से कहा गया है कि हिन्दुओं को दरकिनार करने और उन्हें खत्म करने के लिए साजिश रची जा रही है। इस चुनाव में हिन्दुओं को लाल किले पर केसरिया ध्वज लहराने के लिए एकजुटता दिखानी चाहिए।
महाराष्ट्र की 48 में से 22 सीटों पर चुनाव लड़ रही पार्टी के मुखिया ने कहा कि अगर भाजपा के वरुण गाँधी ने हिन्दुओं के हित में उत्तेजनात्मक तरीके से कोई बात सिर्फ कही, तो तथाकथित धर्म निरपेक्ष तत्वों ने उन्हें चुनाव परिदृश्य से हटाने की माँग तक कर डाली।
पीलीभीत में एक सार्वजनिक सभा में मुस्लिम विरोधी भाषण को लेकर चल रहे विवाद की पृष्ठभूमि में समर्थन के लिए वरुण ने हाल में ठाकरे का धन्यवाद किया था।
मालेगाँव विस्फोट की आरोपी साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर के संदर्भ में ठाकरे ने आरोप लगाया कि उन्हें भोजन में कीड़े खाने को दिए जा रहे हैं।
लोड हो रहा है...