Welcome, Guest   [ Register | Sign In | Take a tour | Adult Filter: On ]

नक्सलियों ने रेलवे पटरी उड़ाई

गया, शनिवार, 21 मार्च 2009



माओवादी विद्रोहियों ने गया जिले में रेलवे पटरी को विस्फोट कर उड़ा दिया जिससे शनिवार को गया-मुगलसराय खंड पर रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हो गया है।

दिल्ली-पटना राजधानी एक्सप्रेस के रसोईयान में शनिवार को तड़के आग लग जाने के कारण दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर भी ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है।

अज्ञात संख्या में भाकपा (माओवादी) के कार्यकर्ताओं ने परैया और गुरारू रेलवे स्टेशन के बीच आधी रात के बाद पटरी को विस्फोट कर उड़ा दिया। इस घटना के चलते पूर्व मध्य रेलवे के गया-मुगलसराय खंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।

पूर्व मध्य रेल के जनसंपर्क अधिकारी एके चंद्रा ने बताया कि इस धमाके से रेल पटरी चार फुट तक उखड़ गई है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस, रेल सुरक्षा बल और रेलवे के अभियंता मौके पर पहुँच गए हैं और मरम्मत का काम जारी है।

एक अन्य घटनाक्रम में दिल्ली-पटना राजधानी एक्सप्रेस के रसोईयान में आग लग गई। यह घटना रात डेढ़ बजे की है। उत्तरप्रदेश के कुचमन स्टेशन से जैसे ही ट्रेन चली उसमें आग लग गई।

उन्होंने कहा कि डिब्बे में आग लगने की घटना से ऊपर का बिजली का तार क्षतिग्रस्त हो गया जिससे दिल्ली-हावड़ा मुख्य मार्ग पर ट्रेन का परिचालन बाधित हो गया।

चंद्रा ने बताया कि दिल्ली सियालदह राजधानी एक्सप्रेस और दिल्ली रांची राजधानी एक्सप्रेस सहित लगभग 12 ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर फँसी हुई है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली पटना राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे तकनीशियनों ने रसोईयान भंडार को ट्रेन से काट कर अलग किया। इसके बाद आग बुझाई गई।

उन्होंने कहा कि ट्रेन में आग लगने के कारणों की जाँच की जा रही है। बिजली के तारों के मरम्मत का काम चल रहा है। ट्रेनों को दूसरे मार्ग से भेजा जा रहा है।

अस्वीकरण